उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शुक्रवार को अपने पैतृक गांव पंचूर पहुंच सकते हैं। प्रस्तावित दौरे के दौरान मुख्यमंत्री एक निजी समारोह में शामिल होंगे। इसके साथ ही वह यमकेश्वर स्थित जनता इंटर कॉलेज में नवनिर्मित कक्षा कक्षों के लोकार्पण समारोह में भी भाग ले सकते हैं। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को लेकर प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। बताया जा रहा है कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का यह दौरा निजी होने के साथ-साथ शैक्षणिक संस्थान से भावनात्मक जुड़ाव से भी जुड़ा है। जनता इंटर कॉलेज चमकोट खाल में उन्होंने कक्षा 9 की पढ़ाई की थी। इसी कारण इस विद्यालय का उनके जीवन में विशेष महत्व माना जाता है। मुख्यमंत्री का जन्म पंचूर गांव में हुआ था और उनकी प्रारंभिक शिक्षा भी यहीं से शुरू हुई।
शैक्षणिक पृष्ठभूमि की बात करें तो योगी आदित्यनाथ ने कक्षा 1 से 5 तक की पढ़ाई प्राथमिक विद्यालय पंचूर से की। इसके बाद कक्षा 6 से 8 तक जूनियर हाई स्कूल बिथ्याणी में अध्ययन किया। कक्षा 10 की परीक्षा उन्होंने खाड़ी हाई स्कूल, नरेंद्र नगर (टिहरी गढ़वाल) से उत्तीर्ण की। कक्षा 11 और 12 की शिक्षा उन्होंने ऋषिकेश स्थित भरत मंदिर इंटर कॉलेज से प्राप्त की, जबकि स्नातक की पढ़ाई कोटद्वार महाविद्यालय से पूरी की। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे को देखते हुए प्रशासन सतर्क है। अधिकारियों के अनुसार यमकेश्वर और बिथ्याणी क्षेत्र में हेलिपैड तैयार किए जा रहे हैं, ताकि हवाई मार्ग से आगमन की स्थिति में किसी प्रकार की असुविधा न हो। सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं। हालांकि मुख्यमंत्री के कार्यक्रम की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है, लेकिन उनके गांव आगमन की सूचना से क्षेत्रवासियों में उत्साह का माहौल है। स्थानीय लोग मुख्यमंत्री से मुलाकात और क्षेत्र के विकास से जुड़े मुद्दों पर ध्यान दिए जाने की उम्मीद कर रहे हैं।