govt-ads

पौड़ी के रिखणीखाल में हृदयविदारक सड़क हादसा: खाई में गिरी इको वैन,एक ही गांव के 8 लोगों की दर्दनाक मौत, 4 घायल

Blog
 Image

उत्तराखंड के पौड़ी गढ़वाल जनपद के रिखणीखाल थाना क्षेत्र में शनिवार को एक भीषण सड़क हादसे ने पूरे इलाके को झकझोर कर रख दिया। रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप यात्रियों से भरी एक इको वैन अनियंत्रित होकर सड़क से लगभग 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। इस दर्दनाक दुर्घटना में वाहन चालक समेत भंगलवाड़ गांव के आठ लोगों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।

पौड़ी गढ़वाल जिले में एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे क्षेत्र को गमगीन कर दिया। रिखणीखाल थाना क्षेत्र के कलवाड़ी गांव के पास यात्रियों से भरी इको वैन अनियंत्रित होकर करीब 300 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में सात महिलाओं और वाहन चालक समेत आठ लोगों की मौत हो गई, जबकि चार लोग घायल हो गए। सभी मृतक और घायल भंगलवाड़ गांव के निवासी बताए गए हैं। एक ही गांव के आठ लोगों की मौत से भंगलवाड़ में मातम पसरा है।पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, वाहन संख्या UK15 TA 2152 रिखणीखाल से भंगलवाड़ की ओर जा रहा था। इसी दौरान रिखणीखाल से करीब 25 किलोमीटर आगे कलवाड़ी गांव के समीप चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा और वैन सड़क से नीचे गहरी खाई में जा गिरी। दुर्घटना की सूचना मिलते ही रिखणीखाल पुलिस और एसडीआरएफ की टीमें तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हुईं। स्थानीय लोगों की मदद से राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया। रेस्क्यू अभियान के दौरान चार घायलों को खाई से बाहर निकालकर एंबुलेंस के माध्यम से प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रिखणीखाल पहुंचाया गया। वहां उन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया। वहीं, हादसे में आठ लोगों की मौत की पुलिस ने पुष्टि की। मृतकों के शवों को खाई से निकालकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। जानकारी के अनुसार, हादसे का शिकार हुई महिलाएं बैंणी-भुली योजना का प्रपत्र भरने के बाद अपने गांव लौट रही थीं। उन्हें क्या पता था कि घर पहुंचने से पहले ही रास्ते में मौत उनका इंतजार कर रही है। कलवाड़ी के पास वाहन दुर्घटनाग्रस्त हो गया और आठ परिवारों की खुशियां मातम में बदल गईं। पुलिस के अनुसार, हादसे में कांति देवी (45), रेखा देवी (42), सुमित्रा देवी (50), सुनीता देवी (45), धनेश्वरी देवी (46), सरोजनी देवी (38), रजनी देवी (25) और वाहन चालक अनिल देबराड़ा (48) की मौत हुई है। सभी भंगलवाड़ गांव के निवासी थे।घायलों में शशि देवी (35), शकुंतला देवी (45), जगदीश सिंह और सत्यवती देवी (36) शामिल हैं। सभी को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है। हादसे की सूचना मिलते ही रिखणीखाल, लैंसडाउन और कोटद्वार से प्रशासनिक अधिकारी घटनास्थल पर पहुंचे। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने दुर्घटना पर गहरा दुख व्यक्त करते हुए मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना जताई। उन्होंने जिला प्रशासन को तत्काल राहत एवं बचाव कार्य तेज करने और घायलों को समुचित उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने गंभीर रूप से घायल लोगों को हवाई सेवा से उच्च चिकित्सा केंद्रों तक पहुंचाने के निर्देश भी दिए। फिलहाल दुर्घटना के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। पहाड़ी सड़क पर हुए इस हादसे ने एक बार फिर दुर्गम क्षेत्रों में सुरक्षित यातायात और आपातकालीन चिकित्सा सुविधाओं की जरूरत को सामने ला दिया है। भंगलवाड़ गांव में हर तरफ अपनों को खोने का दर्द है और पूरे क्षेत्र में शोक की लहर है।